रतिया बिजली कर्मचारी से बातचीत करते हुए प्लाट मलिक : संवाद
रतिया। शहर की टिब्बा कॉलोनी की मुख्य गली में रविवार को एक निजी प्लॉट के आगे ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर प्लाॅट मालिक और बिजली कर्मियों में विवाद हो गया। जिसके कारण कॉलोनी में कई घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही।
ट्रांसफार्मर लगाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बिजली कर्मचारियों को पुलिस तक बुलानी पड़ी। वहीं कॉलोनीवासियों ने बीच बचाव कर मामले को शांत करवाया। वहीं बिना ट्रांसफार्मर लगाए और बिजली बहाल कर कर्मचारी मौके से चले गए। बता दें कि टिब्बा कॉलोनी की मुख्य गली में राजकुमार केवल कृष्ण का एक प्लाॅट खाली पड़ा हुआ है। इसके आगे बिजली निगम द्वारा कुछ साल पहले एक ट्रांसफार्मर लगाया गया था। जिस कारण प्लाॅट धारक को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्लाॅट धारक राजकुमार ने बताया कि दो साल पहले उसने बिजली निगम में ट्रांसफार्मर हटाने को लेकर शिकायत भी दी थी लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। देर रात कोई वाहन चालक टक्कर मारकर ट्रांसफार्मर के पोल को तोड़ गया था। जिस कारण कॉलोनी की बिजली प्रभावित हुई। रविवार सुबह जब बिजली निगम के कनिष्ठ अभिनेता विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर को नीचे उतार लिया और पोल को बदलने लगे तो प्लाॅट मालिक राजकुमार व अन्य लोगों ने उक्त जगह पर ट्रांसफार्मर को लगाने का विरोध किया।
लोगों ने कहा कि वह ट्रांसफार्मर उसके प्लाॅट के आगे लगाने के बजाय कहीं अन्य जगह पर लगाना चाहिए। ट्रांसफार्मर लगा होने के कारण प्लॉट में मकान का निर्माण नहीं कर पा रहे हैं। प्लाॅट मालिक ने कहा कि वह किसी भी हालत में ट्रांसफार्मर नहीं लगने देगा। विवाद इतना बढ़ गया कि बिजली कर्मचारियों ने सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुला लिया। बिजली निगम शहरी एसडीओ सुनील कंबोज ने बताया कि उनके पास ट्रांसफर हटाने को लेकर कोई भी शिकायत पेंडिंग नहीं है। एकदम से ट्रांसफर हटाने से अन्य लोगों को परेशानी आती है। ट्रांसफर स्थानांतरण करने को लेकर नियम अनुसार कार्रवाई की जाती है।