रतिया। नगर पालिका प्रधान प्रीति खन्ना व उप प्रधान जोगिंदर नंदा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर 22 मई को वोटिंग कराई जाएगी। फतेहाबाद के लघु सचिवालय के कमरा नंबर 32 में दोपहर 3 बजे बैठक होगी जिसकी अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया करेंगे। डीसी कार्यालय से जारी पत्र को नगर पालिका कर्मचारियों ने देर रात पार्षदों को दिए।
ज्ञात रहे कि 4 मार्च को नगर पालिका के 17 में से 14 पार्षद नगर पालिका प्रधान प्रीति खन्ना व उप प्रधान जोगिंदर नंदा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने के लिए उपायुक्त से मिलने फतेहाबाद पहुंचे थे। उपायुक्त की गैर मौजूदगी में पार्षदों ने एडीसी से मिलकर अविश्वास प्रस्ताव की तारीख देने की मांग थी। अविश्वास प्रस्ताव पेश करने पहुंचे पार्षदों ने कहा था कि नगर पालिका अध्यक्ष व उपाध्यक्ष अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में असमर्थ हैं।
हम सभी पार्षद दोनों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना चाहते हैं हालांकि उसके बाद विरोधी पार्षद दो बार फतेहाबाद से मिलने की कोशिश की लेकिन उपायुक्त ने पार्षदों को समय नहीं दिया। इसके बाद पार्षदों ने हाई कोर्ट की शरण ली। बताया गया है कि हाई कोर्ट ने उपायुक्त को वीरवार को इस मामले में अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए।
हाई कोर्ट के दखल देने के बाद उपायुक्त के निर्देशों पर 22 मई को अविश्वास प्रस्ताव को लेकर बैठक निश्चित की गई। उपायुक्त के निर्देशों के बाद बुधवार रात्रि को नगर पालिका कर्मचारियों ने शहर के सभी 17 पार्षदों , नगर पालिका प्रधान व विधायक जरनैल सिंह को अविश्वास प्रस्ताव बैठक के नोटिस बांटने शुरू किए।