पुलिस हिरासत में पकड़ा गया आरोपी ट्रक चालक व उसका साथी
फतेहाबाद। एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने 308 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ दो लोगों को काबू किया है। ट्रक में अवैध शराब की तस्करी की जा रही थी। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लखविंदर सिंह उर्फ लक्की व अजय उर्फ अज्जू निवासी बल्लुआना तहसील अबोहर जिला फाजिल्का पंजाब के रुप मे हुई है।
आरोपियों के खिलाफ थाना सदर फतेहाबाद में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पकड़ी गई शराब की कीमत 50 लाख रुपये बताई गई है। बुधवार को पुलिस टीम गांव दरियापुर हाईवे पर चेकिंग पर थी। उसी समय एक आयशर ट्रक सिरसा की तरफ से आता दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रक को रुकवाया तो ट्रक को रोककर ट्रक में सवार दो लोगों ने मौके से भागने का प्रयास भी किया। लेकिन पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया। ट्रक चालक शराब संबंधी कोई कागजात भी पेश नहीं कर पाया।
50 हजार रुपये मिलने थे एक चक्कर के
पुलिस ने जब ट्रक चालक से पूछताछ की तो उनसे बताया कि उसके पास सुनील नाम के किसी व्यक्ति की व्हाट्सएप पर कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने कहा गया कि शराब की खेप को छोड़कर आना है। एक चक्कर के 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके बाद उसे पंजाब के बुढलाडा में पुल के पास बुलाया गया। उसे कहा गया कि वह अपना ट्रक पुल के पास छोड़ दें। 10 बजे उसके पुल के पास अपना ट्रक छोड़ दिया। ट्रक लेकर कुछ लोग वहां से चले गए और 1 बजे शराब से भरकर ट्रक को वहां खड़ा कर दिया गया। सुनील ने फिर व्हाट्सएप कॉल की और कहा कि वह ट्रक को लेकर फतेहाबाद की ओर चलें। ट्रक को कहां लेकर जाना है उसे आगे बता दिया जाएगा।