भूना। गांव लहरिया में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। ग्रामीणों को बेटियों के अधिकार, शिक्षा, और समानता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निकाली गई रैली का नेतृत्व विभाग की सुपरवाइजर स्वीटी ने किया। फेरी के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, प्राइमरी स्कूल के विद्यार्थी और अध्यापक शामिल रहे। रैली में गांववासियों को कन्या भ्रूण हत्या, बेटियों की शिक्षा और सुरक्षा को लेकर जागरूक किया गया।
इस दौरान बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी है अनमोल रतन, इसकी रक्षा करो सदा, और बेटा-बेटी एक समान जैसे नारे लगाए गए। सुपरवाइजर स्वीटी ने बताया कि आज के समय में बेटियों की भूमिका हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण हो चुकी है। वे न केवल परिवार का नाम रोशन कर रही हैं बल्कि देश की तरक्की में भी बराबर का योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना होगा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गांव की महिलाओं से संवाद करते हुए बताया कि बेटियों की शिक्षा में कोई भी बाधा नहीं आनी चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे बेटियों को भी बेटों के समान अवसर दें और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करें। अध्यापकों ने बच्चों को बेटियों के अधिकारों की जानकारी दी और उन्हें प्रेरित किया कि वे अपने परिवार व समाज में जागरूकता फैलाएं।