फोटो। बच्चे के नहर में बहने के बाद विलाप करते परिजन
टोहाना । शहर के रेलवे रोड स्थित भाखड़ा नहर में एक 14 वर्षीय किशोर के संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में बह जाने का मामला सामने आया है। परिजनों ने एक व्यक्ति पर धक्का देने के आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है।
ईदगाह काॅलोनी निवासी 14 वर्षीय भारत दोपहर करीबन तीन बजे अपने घर से गया था। इसके बाद दोपहर करीबन चार बजे वह नहर में बह गया। जिसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम की ओर से गोताखोरों की मदद से बच्चे को ढूंढने का प्रयास किया जा रह है, वहीं नहर का पानी भी कम करवाने का प्रयास किया जा रहा है। शहर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि बच्चे के नहर में डूबने की सूचना मिली है। इसके बाद बच्चे की तलाश की जा रही है।
परिजनों ने लगाया जाम, थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद खोला
बच्चे का सुराग न मिलने के मामले में परिजनों ने शहर के वाल्मीकि चौक पर जाम लगा दिया तथा प्रशासन पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। शहर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने परिजनों को नहर में जाल लगाने और सुबह गोताखोर से ढूंढवाने की बात कहकर जाम खुलवाया। वार्ड बीस के पार्षद जगदीश कुमार ने आरोप लगाया कि किशोर को नहर में गिराया गया है लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लका है। प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं करने पर जाम लगाया है। शहर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि एसडीएम टोहाना को पत्र लिखकर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और नागरिक सुरक्षा ( एनडीआरएफ ) की टीम को बुलाने के लिए लिखा है ताकि बच्चे का पता लगाया जा सके।