एनडीआरएफ टीम ने गांव कुम्हारिया में आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। एनडीआरएफ-7 बठिंडा की टीम ने गांव कुम्हारिया में कम्यूनिटी अवेयरनेस प्रोग्राम के तहत एक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों को एनडीआरएफ टीम ने आपदा प्रबंधन, आपदा से बचाव और रासायनिक व केमिकल दुर्घटना के समय किए जाने वाले उपायों की जानकारी दी।
एनडीआरएफ टीम के निरीक्षक संदीप कुमार और जिला इंस्ट्रक्टर बीर सिंह कानूनगो के नेतृत्व में बठिंडा से आई टीम ने जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आपदा प्रबंधन व जन-जागरूकता का कार्य किया जा रहा। इसी क्रम में कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें एनडीआरएफ टीम ने आपदा प्रबंधन, आपदा से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
टीम ने सर्पदंश से बचाव, बाढ़ से बचाव, आगजनी से बचाव, दिल का दौरा पड़ने, घायलों का प्राथमिक उपचार करना, घायल के रक्तस्राव को रोकना, चोटों को एस्टेबलाइज करना व पीड़ित की जान बचाने हेतु सीपीआर देने के बारे में डेमो देकर बताया। कार्यक्रम में निरीक्षक संदीप ने कहा कि एनडीआरएफ आपदाओं में राहत बचाव का कार्य तो करती ही है इसके अतिरिक्त सामान्य परिस्थितियों में कम्युनिटी अवेयरनेस प्रोग्राम, स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम व विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर मॉक अभ्यास भी करती हैं।
संदीप के अनुसार ऐसे मॉक अभ्यास से एजेंसियों में आपसी तालमेल स्थापित होता है। जिससे आपदा के समय त्वरित कार्रवाई कर बचाव कार्य किया जा सके। उन्होंने बताया कि कोई घटना जब होती है तो लोग घायलों व फंसे व्यक्तियों की मदद करने के बजाय मोबाइल में वीडियो बनाते हैं, जबकि ऐसा नहीं करना चाहिए। सभी लोगों को तुरंत घायलों की किसी भी तरह से मदद करनी चाहिए।