जिले में एचपीवी वैक्सीन को लेकर जागरू करते हुए स्वास्थ्यकर्मी स्त्रोत स्वास्थ्य विभाग
फतेहाबाद। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी टीकाकरण शुरू कर दिया है। जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर शनिवार को टीकाकरण शिविर लगाए गए। इस दौरान 45 किशोरियों ने टीकाकरण करवाया है। जिले में अब तक 205 किशोरियों को वैक्सीन लग चुकी है। जिले में 8850 किशोरियों को टीकाकरण होना है।
वैक्सीन के लिए पहले सीएचसी या फिर शहर स्थित नागरिक अस्पताल में ही सुविधा थी लेकिन शनिवार से स्वास्थ्य विभाग ने पीएचसी स्तर पर पर कैंप लगाकर किशोरियों का टीकाकरण शुरू किया है। विभाग की टीमें अब डोर टू डोर और स्कूलों में जाकर किशोरियों को टीकाकरण के लिए जागरूक कर रही हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सन्नी का कहना है कि एचपीवी वायरस सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। इससे बचाव के लिए टीकाकरण सबसे प्रभावी और सुरक्षित उपाय है। टीकाकरण के बाद किसी भी प्रकार का गंभीर दुष्प्रभाव सामने नहीं आया है। इससे स्पष्ट है कि यह पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है।
डॉ. सन्नी ने कहा कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की वे किशोरियां, जिन्हें पहले एचपीवी का टीका नहीं लगा है, इस अभियान के तहत पात्र हैं। उनको यह टीका नि:शुल्क लगाया जा रहा है। टीकाकरण के दौरान सभी आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं। टीका लगने के बाद लाभार्थी को 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाता है। हल्का बुखार या दर्द सामान्य प्रतिक्रिया है, जो कुछ समय में स्वत: ठीक हो जाता है।
-
अभिभावकों से अपील है कि वे किशोरियों को टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य केंद्र पर खाली पेट लेकर न लाएं। टीकाकरण के लिए सहमति और आयु प्रमाणपत्र अवश्य साथ लाएं। सभी टीकाकरण की एंट्री यूविन पोर्टल पर की जा रही है और लाभार्थियों को डिजिटल प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जा रहा है।
-डॉ. बुधराम, सिविल सर्जन, नागरिक अस्पताल, फतेहाबाद।