अनाज मंडी के पीछे ढाणी सांचला रोड पर शनिवार को एक दर्जन से अधिक बंदरों ने एक व्यक्ति और मासूम बच्ची पर हमला बोल दिया। लेकिन परिजनों के मौके पर होने के कारण बंदरों को लाठी-डंडों से खदेड़ दिया।
बंदरों के हमले से श्रीबालाजी सेवा समिति के प्रधान सुनील शर्मा व उसकी तीन वर्षीय भतीजी क रिसा शर्मा घायल हो गए। दोनाें को अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जिन्हें प्राथमिक के बाद छुटटी दे दी गई।
शनिवार की सुबह तीन वर्षीय करिसा शर्मा पुत्री बजरंग शर्मा घर के बाहर अकेली खड़ी थी। इसी दौरान एक बंदर के बच्चे ने उसके हाथ पर हमला कर दिया। बच्ची पर बंदर के हमले को लेकर सुनील शर्मा दौड़ कर उसके पास पहुंचे तो एक साथ दर्जनों बंदरों ने ताऊ और बेटी को घेर लिया और उन्हें हमला कर घायल कर दिया।
बंदरों के लगातार हमलों को लेकर भूनावासियों ने नगरपालिका प्रशासक को ज्ञापन सौंपकर बंदरों को पकड़ने के लिए मांग की गई थी। लेकिन उस पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। बंदरों के लगातार हमलों से शहरवासी दहशत में हैं। भूना में करीब दो हजार से अधिक बंदरों की फौज ने लोगों का जीना हराम कर रखा है।
घरों व दुकानों पर तो नुकसान पहुंचाते हैं साथ में लोगों पर हमला करने से शहरवासी डरे हुए हैं। सुनील शर्मा ने बताया कि बंदर के बच्चे के पास अगर कोई व्यक्ति जाता है तो उसके चिल्लाने के साथ ही दर्जनों बंदर आ जाते हैं और मौके पर जो भी होता है उस पर हमला बोल देते हैं। बंदरों को पकड़कर शहर से बाहर छोड़ने के लिए लोगों ने उपायुक्त से गुहार लगाई है।