फतेहाबाद। शहर पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों से दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक के पास से 13.85 ग्राम हेरोइन व दूसरे के पास से 1 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद किया है।
मामले के मुताबिक एंटी नारकोटिक सैल फतेहाबाद पुलिस की टीम जब फतेहाबाद से रतिया रोड बाइपास पुल के पास पहुंची तो वहां एक टी स्टाॅल पर खड़ा युवक पुलिस टीम को देखकर भागने लगा। शक के आधार पर पुलिस कर्मचारियों ने युवक को काबू कर पूछताछ की, तो उसकी पहचान जगसीर सिंह उर्फ जस निवासी शक्ति नगर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 13.85 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी तस्कर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
गांजा समेत एक युवक को किया गिरफ्तार
थाना शहर फतेहाबाद पुलिस की टीम ने योग नगर रोड बाइपास के पास गश्त के दौरान एक युवक को शक के आधार पर काबू किया। युवक की पहचान सुखविंद्र सिंह निवासी योग नगर के रूप हुई। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 1 किलो 250 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ शहर थाना में मामला दर्ज किया गया है।