फतेहाबाद। जिले में डेंगू अभी पूरी तरह खत्म नहीं हो पाया है। सोमवार को भी जिले में दो नए केस मिले हैं। अब जिले में डेंगू मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 985 तक पहुंच गया है। एक मरीज अभी भी अस्पताल में भर्ती है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सोमवार को 1436 घरों में सर्वे किया। इस दौरान 13 घरों में लारवा पाया गया। लारवा खत्म करने के बाद इन सभी घरों के मालिकों को विभाग की टीमों ने नोटिस जारी किए हैं। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को फतेहाबाद के वाल्मीकि चौक निवासी 27 वर्षीय युवक और टोहाना के पटेल नगर निवासी 30 वर्षीय युवक डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। दोनों की निगरानी शुरू कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 20 सैंपल लिए
स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को डेंगू के 20 सैंपल लिए हैं। अब तक जिले में 4096 सैंपल लिए जा चुके हैं। इसमें 985 डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। इस बार डेंगू मरीजों के आंकड़े ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इसलिए भी स्वास्थ्य विभाग अधिक गंभीरता बरत रहा है। स्थानीय निकाय विभाग के माध्यम से फॉगिंग भी करवाई जा रही है। सोमवार को 304 कूलरों, 1130 टंकियों, 192 होदियों व 651 कंटेनर्स व गमलों की जांच की गई।
डेंगू के सोमवार को दो नए केस मिले हैं। अब तक 985 डेंगू पॉजिटिव मिल चुके है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें सर्वे कर रही हैं। लोगों से भी अपील है कि वह अपने आसपास लारवा न पनपने दें।
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी अधिकारी