फतेहाबाद। जिले में डेंगू के केस बढ़ने शुरू हो गए हैं। अब तक दो नए मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। नहला निवासी 8 वर्षीय बच्चा और जाखल निवासी 16 वर्षीय किशोरी डेंगू पॉजिटिव मिली है। जिले में डेंगू मरीजों की संख्या 11 पहुंच गई है।
जिला नागरिक अस्पताल में हालात ये है कि वायरल बुखार के मामले बढ़ रहे हैं लेकिन दो दिन से सीबीसी जांच बंद है। जांच के लिए मशीन में प्रयोग होने वाला सामान ही नहीं है। अस्पताल में छोटी मशीन से सिर्फ इमरजेंसी या फिर दाखिल मरीजों की ही जांच हो रही है। मौसम में बदलाव के चलते नागरिक अस्पताल में वायरल बुखार के मामले बढ़ रहे हैं और ओपीडी 150 से 200 तक पहुंच रही है। वायरल केस में विशेषज्ञ सीबीसी जांच करवाते हैं।
इसके अलावा महिला रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में आने वाली गर्भवती की भी सीबीसी जांच नहीं हो रही है। अस्पताल में 200 से 225 मरीजों की सीबीसी जांच होती है। सीबीसी में शरीर में खून की मात्रा, प्लेटलेट्स, डीएलसी, टीएलसी, वॉल्यूम की जांच की जाती है।
-
कंपनी दे चुकी है निशुल्क मशीन, लेकिन सामान नहीं
नागरिक अस्पताल में सैंपल जांच के लिए निजी कंपनी दो मशीनें दे चुकी है। पूरी तरह से स्वचलित मशीन में एक घंटे में 40 से ज्यादा सैंपल की जांच हो सकती है, लेकिन हालात ये है कि जांच के लिए प्रयोग होने वाला सामान रिजेंट स्वास्थ्य विभाग समय पर नहीं खरीद पा रहा है। इसके चलते सैंपल जांच बीच में ही रुक रही है।
-
जिले में ये है डेंगू मरीजों की स्थिति :
वर्ष डेंगू मरीज मिले
2015 189
2016 38
2017 419
2018 56
2019 29
2020 35
2021 993
2022 154
2023 89
2024 11
-
डेंगू के लक्षण
- अचानक तेज बुखार होना
- अचानक तेज सिर दर्द होना
- मांसपेशियों व जोड़ों में दर्द होना
- आंखों के पीछे दर्द होना
-
डेंगू और मलेरिया को लेकर जिले में स्थिति कंट्रोल में है। टीमें फील्ड में जाकर सर्वे कर रही है। लोगों से भी अपील है कि अपने घरों के आसपास पानी एकत्रित होने दें।
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी रोकथाम विशेषज्ञ
-
मेरे संज्ञान में मामला अभी आया है। संबंधित इंचार्ज से बात करके समाधान करवाया जाएगा। रिजेंट खत्म होने के चलते जांच बंद की हो सकती है।
- डॉ.बुधराम, एसएमओ, नागरिक अस्पताल