फतेहाबाद। विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग की ओर से फोर्स को ले जाने व लाने के लिए रोडवेज बसों और चालकों की मांग की जा रही है। इससे फतेहाबाद डिपो के कई रूटों पर बसों की व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बसों की कमी से जूझ रहे रोडवेज डिपो की चार बसों को फोर्स लाने के लिए विभिन्न स्थानों पर भेज दिया गया है। इससे लंबे और लोकल रूट पर असर पड़ रहा है। इससे दिल्ली, टोहाना और चौपटा जाने वाली बसों में कमी आई है। कई ग्रामीण रूट भी प्रभावित हुए हैं। गांव से शहर में पढ़ने आने वाले विद्यार्थियों को अधिक परेशानी से जूझना पड़ा। बस स्टैंड पर व ग्रामीण क्षेत्र में भी यात्रियों को बसों का काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। फिलहाल फतेहाबाद डिपो में 110 बसें हैं। इन बसों में 30 से 40 बसों को लंबे रूट पर भी भेजा जा रहा है। बाकी का लोकल रूटों पर संचालन होता है।
डिपो में फिलहाल 252 चालक और 262 परिचालक हैं। ऐसे में एक तरफ तो रोडवेज के पास पहले से ही चालकों की कमी है। 25 चालकों की ड्यूटी चुनाव प्रक्रिया में लगा दी गई है। इस कारण बसों की कमी के साथ-साथ चालकों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं।