भूना। गांव नाढोड़ी के शराब ठेके पर मंगलवार की दोपहर बाद दो नकाबपोश बदमाशों ने कई राउंड फायर किए। इस दौरान वहां मौजूद सहायक ठेकेदार व एक कर्मचारी ने खेतों में भागकर अपनी जान बचाई। हमलावर बदमाशों ने दहशत पैदा करने के उद्देश्य से शराब ठेके पर ताला लगा दिया और चेतावनी दी कि भविष्य में उपरोक्त ठेका खोला तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। इसके बाद ठेकेदार सुशील कुमार बिढाईखेड़ा तुरंत ठेके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही भूना के थाना प्रभारी कपिल कुमार सिहाग व फतेहाबाद की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को ठेके के पास 9 चले हुए कारतूस बरामद हुए हैं।
सहायक ठेकेदार रामनिवास ने बताया कि ठेके का सेल्समैन गांव धौलू का रहने वाला है। वह दोपहर का खाना खाने के लिए के लिए घर गया था। ठेके पर रामनिवास और कर्मचारी बीर सिंह मौजूद थे। इसी दौरान गांव सिंथला की तरफ से एक काले रंग के पल्सर मोटरसाइकिल पर दो अज्ञात नकाबपोश युवक आए। आते ही हवाई फायर किए और तीन गोलियां सीधी उन पर चलाई गईं। बताया कि उन्होंने खेतों में पेड़ की आड़ लेकर जान बचाई। उन्होंने बताया कि दोनों ही हमलावरों के हाथों में मैगजीन पिस्टल थे। कई राउंड फायर किए और शराब के ठेके को ताला लगाकर बंद कर दिया। उन्होंने ताले की चाबी को वहीं फेंक दिया और गाली गलौज करके मौके से फरार हो गए।
कई दिन से चल रहा विवाद
बता दें कि पिछले कई दिनों से गांव नाढ़ोड़ी में शराब ठेके को लेकर विवाद चल रहा था। गांव के कुछ लोग बस स्टैंड पर ठेका होने का विरोध कर रहे थे। इसको ठेकेदार ने ग्रामीणों के साथ मिलकर एक महीने पहले ही विवाद को शांत करके सिंथला से भूना मार्ग पर ठेका खोला था। परंतु मंगलवार को पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग करके दहशत पैदा कर दी। ठेकेदारों ने कहा कि लगातार क्षेत्र में एक केेे बाद एक ठेके पर फायरिंग हो रही है, जिस कारण बदमाशों के हौसले बढ़ रहे हैं। पुलिस हमलावरों का सुराग लगानेे में पूरी तरह से विफल साबित हो रही है। 8 सितंबर की देर रात्रि को गोरखपुर में राजकुमार उर्फ राजा पर चार बदमाशों ने जानलेवा हमला किया था। स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट ठेकेदार ने पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाकर मामला 13 सितंबर को भूना से सीआईए को ट्रांसफर करवाया था। परंतु उपरोक्त मामले की जांच अभी पूरी भी नहीं हुई थी कि मंगलवार को दो अज्ञात बदमाशों ने नाढोड़ी में भी अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
सूचना मिलते ही दलबल सहित मौके पर पहुंच गए
भूना थाना प्रभारी कपिल कुमार सिहाग ने बताया कि नाढ़ोड़ी में शराब ठेके पर फायरिंग की सूचना मिलते ही दलबल सहित मौके पर पहुंच गए थे। हमलावरों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायर किए हैं। उनकी तलाश को लेकर पुलिस आसपास के एरिया में सीसीटीवी फुटेज का सहारा ले रही है। ठेके के आसपास कोई भी सीसीटीवी कैमरा नहीं मिला है। सीआईए व भूना पुलिस की संयुक्त टीमें हमलावरों की पहचान करने में लगी हुई है।