फतेहाबाद के वाल्मिकी चौक में हंगामा करते हुए लोग स्त्रोत सोशल मीडिया
फतेहाबाद। वाल्मीकि चौक पर मंगलवार देर रात को लोगों से कथित अभद्र व्यवहार के मामले में पुलिस अधीक्षक निकिता ने डायल 112 पर तैनात दो पुलिसकर्मियों को निलंबित और एक एसपीओ को बर्खास्त कर दिया है। एसपी ने तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के भी निर्देश दिए हैं।
ईएचसी दिलबाग, ईएचसी अनूप और एसपीओ धर्मबीर एक शिकायत पर डायल 112 की गाड़ी लेकर वाल्मीकि चौक पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने वहां बैठे लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया। लोगों ने पुलिसकर्मियों पर नशे की हालत में होने का आरोप भी लगाए हैं। पुलिसकर्मियों के व्यवहार से मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और लोगों ने हंगामा भी किया।
दूसरी डायल 112 पहुंची मौके पर
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 के नियंत्रण कक्ष में दी। सूचना मिलने के बाद दूसरी टीम मौके पर पहुंची और कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों को वहां से अपने साथ ले गई। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस के उच्चाधिकारियों तक पहुंची।
-
एसपी ने लिया संज्ञान, जांच के निर्देश
पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार का कहना है कि पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने ईएससी दिलबाग, ईएचसी अनूप को निलंबित और एसपीओ धर्मबीर को बर्खास्त कर दिया। इसके साथ ही तीनों के खिलाफ विभागीय जांच के भी निर्देश दिए गए हैं। अब जांच के दौरान घटना से जुड़े तथ्यों और लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जाएगी।