तहसील चौक के डेरेवाला मोहल्ले में बुधवार दोपहर को एक बेटे ने अपने 60 वर्षीय पिता धर्मपाल पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। सिर पर चोट लगने से धर्मपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के बड़े बेटे सतीश ने अपने छोटे भाई विजय पर पिता की हत्या करने का आरोप लगाया है।
सतीश ने बताया कि उन्हें उनके बेटे ने आकर सूचना दी थी कि चाचा विजय ने दादा को चोट मार दी है। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचे तो पिता घायल अवस्था में पड़े थे। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
सतीश के अनुसार, उसका छोटा भाई विजय अविवाहित है और मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता था। पिता होटल पर भी काम करता था। सतीश ने बताया कि विजय को पिछले कई दिनों से मिर्गी के दौरे पड़ रहे थे। आर्थिक तंगी के कारण उसका समुचित उपचार नहीं हो पा रहा था। घटना के बाद मोहल्ले में सनसनी फैल गई। पिता पर हमले के बाद उनकी मौत से परिवार में मातम पसरा है।