फतेहाबाद। आरटीए और खनन अधिकारियों द्वारा पिछले साल मार्च माह में बिना दस्तावेजों के साथ एक गाड़ी पकड़ी थी। जिसे सीज करके एफसीआई गोदाम में खड़ा किया गया था। वह गाड़ी माल समेत यहां से चोरी हो गई थी। इस मामले में शहर पुलिस ने आरोपी हिसार निवासी प्रवीन कुमार और फतेहाबाद के ढाणी ठोबा निवासी विक्रम को गिरफ्तार किया है। इस मामले में शहर पुलिस ने 25 सितंबर 2021 को खान एवं भू विज्ञान विभाग के खनन अधिकारी राजेश कुमार की शिकायत पर मामला दर्ज किया था।
पुलिस को दी शिकायत में खनन अधिकारी ने बताया था कि एक मार्च 2021 को विभाग की टीम ने आरटीए टीम के साथ चेकिंग की थी। इस दौरान एक गाड़ी पकड़ी गई। गाड़ी का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मौके पर खान व भू विज्ञान विभाग द्वारा जारी ई रवाना और ई ट्रांजिट नहीं पाया गया। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के आदेश पर गाड़ी एफसीआई गोदाम में सीज कर दी गई। संबंधित गाड़ी मालिक को पर्यावरण क्षतिपूर्ति राशि, खनिज की कीमत, रॉयल्टी व जुर्माना भरने के लिए नोटिस जारी किया गया। इस संबंध में शहर पुलिस को पत्र लिखा गया, पुलिस ने गाड़ी की रिपोर्ट मांगी। इसके बाद विभाग के खनन रक्षक ने एफसीआई गोदाम में आकर जांच की तो गाड़ी नहीं मिली। 23 जुलाई और 9 अगस्त को उपायुक्त व एफसीआई गोदाम के उच्च अधिकारियों को पत्र लिखा गया। मामले में शहर पुलिस ने शिकायत आने के बाद खनन अधिकारी की शिकायत पर वाहन मालिक के खिलाफ चोरी का खनिज कब्जे में रखने, बिना जुर्माना भरे गाड़ी को जानबूझकर एफसीआई गोदाम से ले जाने के आरोप में मामला दर्ज किया था।
मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में एक आरोपी को पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। पकड़े गए दो आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
- रविंद्र कुमार, चौकी प्रभारी, गुरुनानकपुरा