हरियाणा के फतेहाबाद शहर के हांसपुर रोड पर दिल्ली से चीनी लोड करके आए ट्रक चालक की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा कार द्वारा टक्कर मारने से हुआ। मामले में शहर पुलिस ने मृतक राजस्थान के जिला चुरू के गांव साहवा निवासी मुकेश के भाई समील के बयान पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंप दिया।
पुलिस को दिए बयान में समील ने बताया कि वह और उसका भाई मुकेश दिल्ली से चीनी लोड करके फतेहाबाद आए थे। हांसपुर चौक बाईपास पर ट्रक का टायर पंचर हो गया। टायर का पंचर लगवाने के बाद चाय पी और बुधवार देर रात की करीब साढ़े 12 बजे ट्रक की तरफ जा रहे थे।
इस दौरान हिसार की तरफ से आई तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी और उसका भाई मुकेश घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया और फिर अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया गया। यहां से उपचार के लिए हिसार के निजी अस्पताल ले गए। यहां पर उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में शहर पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया।