एएसआई रामकिशन जो गांव झलनियां के पास हुए सड़क हादसे का शिकार हुए है। स्रोत : सोशल मीडिया
फतेहाबाद। भूना रोड पर स्थित गांव झलनियां के पास बुधवार दोपहर को सड़क दुर्घटना में एंटी व्हीकल थेफ्ट (एवीटी) टीम में तैनात पुलिसकर्मी एएसआई रामकिशन की मौत हो गई। घटना के दौरान गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रसत हो गई और रामकिशन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन अस्पताल में पहुंचे।
फतेहाबाद की एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ में कार्यरत एएसआई रामकिशन किसी मामले से संबंधित जानकारी जुटाने के लिए भूना गए थे और दोपहर करीब 3 बजे के बाद अपनी गाड़ी पर वापस फतेहाबाद लौट रहे थे। गांव झलनियां के पास सामने से आ रहे ट्रक से गाड़ी की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर में दोनों वाहन सड़क से नीचे उतर गए। हादसे में रामकिशन गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी और रामकिशन को गाड़ी से बाहर निकाल गया लेकिन तब तक उन्होंने दम तोड़ दिया था। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल फतेहाबाद लाया गया है।
-
सिरसा जिले के गांव जमाल के थे रहने वाले
हादसे का शिकार बने रामकिशन सिरसा जिले के गांव जमाल के रहने वाले थे। 40 वर्षीय रामकिशन अपने पीछे 17 वर्ष का बेटा और 15 वर्ष की एक बेटी छोड़ गए हैं।
-
थानों में रह चुके है मुंशी
एएसआई रामकिशन की मौत के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है। रामकिशन शहर थाना फतेहाबाद, सदर थाना फतेहाबाद में मुंशी के तौर पर तैनात रह चुके हैं। इसके अलावा हुडा चौकी, साइबर क्राइम थाना में भी तैनात रहे है। डयूटी के प्रति गंभीर रहे रामकिशन नशा तस्करी के कई मामले पकड़े है। इसके अलावा अवैध हथियारों को लेकर भी कार्रवाई की है। मंगलवार को ही भट्टूकलां क्षेत्र में अवैध हथियार का मामला पकड़ा था।
-