गड्ढे से पानी निकालता जेसीबी संचालक।
फतेहाबाद। शहर के माजरा रोड पर शुक्रवार को जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी सीवर के गड्ढे में जमा पानी निकलवाने के लिए जेसीबी लेकर पहुंच गए। जेसीबी संचालक लगातार पानी निकालता रहा, लेकिन पानी जितना निकल रहा था, उससे अधिक बढ़ता गया।
वहीं लोगों का कहना है कि मशीन जब खोदाई के लिए आई थी तो उसमें पानी नहीं था, जैसे ही मशीन ने खोदाई शुरू की तो गड्ढे में पानी भरता चला गया। जिसके बाद जेसीबी के माध्यम से पानी को बाहर निकाला गया। जिस कारण सारा पानी सड़क पर जमा होना शुरू हो गया। जिस कारण पैदल चलने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जब लोगों ने इसकी शिकायत जनस्वास्थ्य विभाग को की तो, जेसीबी को वापिस भेज दिया। लोगों का कहना था कि घंटों की मशक्कत के बाद भी यह पानी नहीं निकाल सका। बता दें कि स्थानीय लोगों ने पानी की लीकेज की समस्या को लेकर जनस्वास्थ्य विभाग को फोन कर शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसके बाद पानी निकालने के लिए जेसीबी भेजी गई थी।
-
अधिकारी बोले लीकेज को किया जा रहा दूर
- जनस्वास्थ्य विभाग के जेई बलविंद्र सिंह ने बताया कि सीवर के मेन चैंबर के साथ लीकेज की समस्या है। दो बार इसका समाधान कर चुके हैं, लेकिन फिर से दिक्कत आ गई। जिस कारण जेसीबी से इसकी खोदाई करवाई गई। जब खोदाई शुरू की तो गड्ढे में पानी भरना शुरू हो गया। मौके पर सुपर शकर मशीन न होने के कारण जेसीबी से पानी बाहर निकाला गया था।