आंदोलनकारियों द्वारा जिले भर में सड़कों से जाम उठाने एवं रेलवे ट्रैक खाली करने के बाद जिला उपायुक्त एनके सोलंकी ने बुधवार को प्रशासन एवं सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस मौके पर डीसी सोलंकी ने साफ तौर पर कहा कि जिले में आम जन-जीवन अब पूरी तरह से सामान्य हो गया है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण में है।
उन्होंने बताया कि बीते दिन रोडवेज बसें अग्रोहा से आगे नहीं जा रही थी लेकिन बुधवार को इसमें भी सुधार आया है और अब हिसार रोड पर भी फतेहाबाद रोडवेज की बसें आ-जा रही हैं। रेलवे ट्रैक से भी जाम उठा दिए गए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि जिला में ऐहतियात के तौर पर पुलिस व सेना की तैनाती लगातार बनी हुई है और सभी इलाकों पर नजर भी रखी जा रही है। कई स्थानों पर आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है। इसके अलावा पुलिस द्वारा नाके लगाकर वाहनों की भी चेकिंग की जा रही है।
उपायुक्त सोलंकी ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी रूटों पर बसों का संचालन किया जाए। साथ ही पूरी सुरक्षा व एहतियात भी बरती जाए।
बैठक में कर्नल अमित यादव, एएसपी गंगा राम पूनिया, अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. जेके आभीर, एसडीएम संतलाल पचार, डीआरओ बिजेंद्र भारद्वाज, मेजर निखिल अरोड़ा, कार्यकारी अभियंता सुभाष भांभू, जीएम रोडवेज लेखराज, डिप्टी डीईओ दयानंद सिहाग, डीएफओ नरेश रंगा आदि मौजूद रहे।