रतिया नगर पालिका की उखाड़ी गई टाइल
रतिया। फतेहाबाद रोड पर लोक निर्माण विभाग द्वारा स्टेट हाईवे को चौड़ा करने के दौरान नगरपालिका की लाखों रुपये की लागत से लगाई गई इंटरलॉक टाइलों के गायब होने का मामला सामने आया है। मामला एसडीएम जगदीश चंद्र के संज्ञान में आया तो उन्होंने तुरंत लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ नगरपालिका सचिव को भी टाइलें गायब होने के मामले में जांच के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार नगरपालिका द्वारा कुछ समय पहले ही टेंडर के माध्यम से बड़ी नहर से लेकर सरदूलगढ़ चौक तक दोनों तरफ 40 लाख-40 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग टाइल लगवाई गई थी। मगर अब लोक निर्माण विभाग इस रोड को चौड़ा कर रहा था। इस दौरान ठेकेदार द्वारा जब जेसीबी के माध्यम से पुराने रोड को तोड़ा जा रहा था तो साथ में नगरपालिका द्वारा लगाई गई कुछ इंटरलॉक टाइल भी उखड़ गईं। ठेकेदार के जाने के बाद कुछ लोगों ने नगरपालिका की लाखों रुपये की इंटरलॉक टाइलों को चोरी कर लिया। इसकी शिकायत निवासियों ने एसडीएम जगदीश चंद्र से की तो उन्होंने तुरंत लोक निर्माण विभाग व नगरपालिका अधिकारियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। दोनों विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और वहां पर जाकर देखा तो टाइल गायब मिलीं। इसके बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों ने आसपास के लोगों से टाइलों के गायब होने के बारे में जानकारी ली और इसकी पूरी रिपोर्ट बनाकर एसडीएम के पास भेज दी।
कोट
टाइलें नगरपालिका की प्रॉपर्टी है। उसे अगर कोई प्राइवेट व्यक्ति चोरी करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-संदीप कुमार, सचिव, नगरपालिका रतिया
कोट
नगरपालिका की टाइल गायब होने की सूचना मिली थी। इसके बाद मैंने विभाग के अधिकारियों को टाइल्स सुरक्षित करने के निर्देश दिए और साथ ही गई गायब टाइल का हिसाब किताब भी नोट करने के निर्देश दिए गए हैं।
-जगदीश चंद्र, एसडीएम, रतिया