फतेहाबाद। उपायुक्त रवि प्रकाश गुप्ता ने राजस्व, कृषि विभाग और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे टिड्डी दल के प्रकोप के बारे किसानों को जागरूक करें। उपायुक्त ने इसके लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश जारी करते हुए जिले में चार स्तरीय कमेटी का गठन किया है।
उपायुक्त गुप्ता ने बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की बैठक ले रहे थे। उन्होंने बताया कि ग्राम स्तर पर गठित कमेटी में राजस्व पटवारी, ग्राम सचिव, सरपंच, नंबरदार और कृषि विकास अधिकारी शामिल किए गए हैं। तहसील स्तरीय कमेटी में सीआरओ राजस्व विभाग के अधिकारी, ब्लॉक स्तरीय कमेटी में बीडीपीओ, एसपीओ, कृषि विभाग के एसएमएस, एसडीओ और जिला स्तरीय कमेटी में संबंधित एसडीएम नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। उपायुक्त ने गठित कमेटी सदस्यों को निर्देश दिए कि वे लोगों को टिड्डी दल बारे जागरूक करे और गांवों में मंदिर, गुुरुद्वारों व मस्जिद में मुनादी करवाएं। उपायुक्त ने हैफेड को निर्देश दिए कि वे सभी ब्लॉक में कीटनाशक भंडारण का समुचित व्यवस्था करके रखे। उन्होंने कृषि विभाग से कहा है कि जिन किसानों के पास स्प्रे ड्रंप पम्प है, उनकी सूची तैयार करे और आपदा के समय उनको प्रयोग में लाया जाए।
उन्होंने किसानों से कहा कि अगर कहीं भी टिड्डी दल देखने व होने की सूचना प्राप्त होती है तो वे तुरंत अधिकारियों को सूचित करें। इसके लिए जिला स्तर पर टिड्डी दल नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जिसका संपर्क नंबर 01667-231122 है। इसके अलावा किसान सहायक पौधा संरक्षण अधिकारी के नंबर 8708325893, उपमंडल कृषि अधिकारी के 7988227874 व उपमंडल कृषि अधिकारी टोहाना के नंबर 9255757697 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से कहा है कि कीटनाशकों का प्रयोग टिड्डी दल के ठहराव के समय ही करें। उन्होंने कहा कि टिड्डी दल पर क्लोरपाइरीफॉस 20 प्रतिशत ईसी, क्लोरपाइरीफॉस 50 प्रतिशत ईसी, डेल्टामेथ्रीन 2.8 प्रतिशत ईसी, लेम्बडासाईहेलोथ्रीन 5 प्रतिशत ईसी कीटनाशकों का छिड़काव किया जा सकता है। बैठक में सीटीएम अनुभव मेहता, एसडीएम सुरेन्द्र बेनीवाल, नवीन कुमार, संजय बिश्नोई, डीआरओ बिजेन्द्र भारद्वाज, डीडीए डॉ. बलवंत सहारण, डीडीपीओ बलजीत सिंह चहल, बीडीपीओ सोमबीर कादियान, नरेन्द्र सिंह सहित राजस्व, पंचायती राज, कृषि विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।