सीआईए पुलिस की टीम ने शहर के बुढलाडा रोड के कमाना मोड़ पर राहगीरों को लूटने की फिराक में बैठे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। एक युवक भाग निकला। तीनों से दो पिस्टल बरामद किए गए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट व आईपीसी की धारा 398, 401 के तहत केस दर्ज किया है।
शहर थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि एएसआई बसंत सिंह रविवार रात्रि को रतिया बस स्टैंड के पास टीम के साथ तैनात था। उन्हें सूचना मिली कि कुछ युवक लोगों को लूटने की फिराक में है, जिस पर वे पहचान छुपाकर व गाड़ी की बत्ती हटाकर और अपनी वर्दी को कंबल में छुपा कर उक्त मोड़ पर पहुंचे तो सामने से दो युवक अपने-अपने हाथों में हथियार लिए हुए खड़े दिखाई दिए। जिनमें से एक के पास टाॅर्च व बाकी तीनों के हाथों में पिस्तौल दिखाई थी। एक ने टाॅर्च की रोशनी से पुलिस गाड़ी को रुकने का इशारा किया, जिस पर गाड़ी रुकी तो दोनों तरफ से उन चारों ने गाड़ी को घेर लिया तथा चालक साइड की खिड़की के पास खड़े युवक ने एक दम पिस्तौल तानकर कहा कि जो सामान तुम्हारे पास है, हमारे हवाले कर दो नहीं तो गोली मार देंगे। उन्होंने सरकारी गाड़ी के अंदर की लाइट जगाई व वर्दी से कपड़ा हटाया तो पुलिस की वर्दी में देखकर सभी युवक भाग गए। मगर टीम ने तीन युवकों को हथियारों सहित काबू कर लिया जबकि एक युवक अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग गया। पकड़े गए युवकों में रतिया के वार्ड 12 निवासी हैप्पी फरोड़, बीघड़ निवासी कमलजीत, व बबनपुर निवासी संदीप शामिल हैं जबकि भागने वाले की पहचान ढाणी बबनपुर निवासी संजय के रूप में हुई। गिरफ्तार किए गए तीनों युवकों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।