फतेहाबाद। गांव धांगड़ और बड़ोपल के बीच हिसार जा रहे ऑटो चालक से लिफ्ट के बहाने तीन युवक टूल किट में रखी 67 हजार रुपये की नकदी और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। वारदात के बाद मोटरसाइकिल लेकर आया युवक तीनों युवकों लेकर फरार हुआ। वारदात को वीरवार सुबह अंजाम दिया गया। मामले में हिसार निवासी ऑटो चालक दीपक की शिकायत पर छीनाझपटी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
मामले के मुताबिक पुलिस को दी शिकायत में दीपक कुमार ने बताया कि उसके पास ऑटो है और उसने हिसार के महाबीर कॉलोनी में भुजिया फैक्टरी में किराए पर लगा रखा है। वीरवार सुबह करीब चार बजे 200 बैग मिक्सर भुजिया के लोड करके रतिया आया था। रतिया में दुकानदार को 200 बैग देने के बाद 62 हजार रुपये नकद ले लिए और टूलकिट में रख दिए और ऑटो लेकर हिसार के लिए चल पड़ा। रतिया से फतेहाबाद के लिए उसके ऑटो में तीन महिलाएं और तीन युवक सवार हुए। दो महिलाएं रास्ते में और एक महिला फतेहाबाद उतर गई जबकि तीनों युवक अग्रोहा जाने के लिए बैठे रहे। गांव धांगड़ और बड़ोपल के बीच तीनों युवकों ने मारपीट शुरू कर दी और टूल किट में रखे 62 हजार और बैग में रखी पांच हजार रुपये की नकदी निकाल ली और मोबाइल छीन लिया। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर युवक आया और तीनों को लेकर फतेहाबाद की तरफ फरार हो गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।