भट्टू कलां। गांव भट्टू कलां से खाबड़ा रोड होते हुए जा रही बिजली की 11 हजार वोल्टेज की हाई पावर लाइन से तीन किलोमीटर में बिजली के तार ही गायब हो गए। मंगलवार को इसकी जानकारी बिजली निगम प्रबंधन को मिली। कनिष्ठ अभियंता शेर सिंह ने बताया कि जांच कर एसडीओ मनोज कुमार को रिपोर्ट दी गई है।
आगामी कार्रवाई पुलिस को शिकायत देकर की जाएगी। उन्होंने बताया कि 38 पोल से ये तार किसी ने चुरा लिए हैं। भट्टू कलां निवासी ग्रामीण सतीश कुमार ने बताया कि 10 दिनों से पोल से ये तार गायब करने की घटना हो रही है। एक लाल रंग की गाड़ी में रात को कुछ लोग आकर तार काट कर ले जा रहे हैं। उन्होंने तुरंत निगम के अधिकारियों को अवगत कराया। मगर अधिकारियों ने कोई कदम नहीं उठाया। यह 11 हजार हाई वोल्टेज लाइन रामसरा फीडर की ट्यूबवेल लाइन है। इसमें कुछ दिनों से बिजली सप्लाई बंद थी। क्योंकि इस लाइन को दूसरी साइड से घूमा कर ढाबी कलां सब स्टेशन से जोड़े जाने से यह लाइन फ्री हो गई थी। जो किसी भी एमरजेंसी में काम ली जा सकती थी। कनिष्ठ अभियंता शेर सिंह ने बताया कि इसके नुकसान का एस्टीमेट बना रिपोर्ट देने के बाद ही आगामी कार्रवाई शुरू की गई है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।