गांव कुलां के राजकीय विद्यालय में बनाए गए मतदान केंद्र में चुनाव सामग्री लेकर पहुंची टीम। संवाद
कुलां/रतिया। गांव कुलां और तामसपुरा में सरपंच पद के उपचुनाव में रविवार सुबह 8 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा और उसके तुरंत बाद मतगणना शुरू कर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। कुलां में सात और तामसपुरा में दो प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। प्रशासन की ओर से उपचुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
प्रशासनिक स्तर पर बूथों की सुरक्षा की व्यवस्था और मतगणना केंद्र बना दिए गए हैं। कुलां में राजकीय विद्यालयों में बनाए गए चारों बूथों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। शनिवार को पोलिंग पार्टियां इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और अन्य आवश्यक मतदान सामग्री के साथ कुलां में मतदान केंद्रों पर पहुंच गई है। इस पर टोहाना सदर थाना के प्रभारी हरदयाल सिंह पुलिसकर्मियों के साथ मतदान केंद्र पर तैनात हैं।
वहीं चुनाव प्रभारी एवं रतिया खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी हनीश कुमार ने बताया कि गांव के 2107 मतदाता दो मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर गांव की सरकार चुनेंगे। सरपंच पद के लिए गुरप्रीत सिंह मलकीत उर्फ मलकियत में मुकाबला है। चुनाव की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अधिकारियों ने गांव के दोनों ही मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील घोषित किया है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल को निर्देश जारी किए गए हैं।
पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंची
खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी बलजीत ने बताया कि गांव के करीब साढ़े तीन हजार मतदाता प्रत्याशियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव को लेकर प्रशासन की तैयारी पूरी है। मशीनें और अन्य आवश्यक सामान देकर पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्र पर भेज दिया है। अति संवेदनशील बूथों पर पुलिस ने सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की है। सुबह 8 से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी और उसके तत्काल बाद मतगणना शुरू कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।