गांव कुलां में आग लगने से क्षतिग्रस्त घर को दिखाता हुआ मकान मालिक पवन कुमार। संवाद
कुलां। गांव कुलां में भूना रोड पर शुक्रवार दोपहर एक मकान में अचानक आग लग गई जिससे घर का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। मकान मालिक पवन कुमार ने बताया कि वह किसी काम से बाहर गए थे। पड़ोसियों ने उन्हें आग लगने के बारे में सूचना दी। इस पर वह तुरंत घर पहुंचे और देखा कि आग काफी भीषण हो गई थी।
सूचना मिलने पर धारसूल से दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक मकान में रखा बेड, अलमारी, कीमती सामान, बिस्तर, चारपाई, कूलर, गेहूं का ढोल और रसोई का सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था। पवन कुमार ने बताया कि अलमारी में किश्त भरने के लिए नकदी रखी थी वह भी आग में जल गई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पवन ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।