फतेहाबाद। गांव हिजरावां कलां में चोर खेतों में ट्यूबवेल की तारें काटकर चुरा रहे थे। मौके पर किसान पहुंच गए और शोर मचा दिया। किसानों को आता देखकर चोर ई-रिक्शा छोड़कर मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मामले में सदर पुलिस ने गांव हिजरावां कलां निवासी जयभगवान की शिकायत पर साजिश के तहत चोरी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में हिजरावां कलां निवासी जयभगवान ने बताया कि 8-9 की रात को खेत में पानी लगा रहा था। जब ट्यूबवेल के पास पहुंचा तो तीन युवक तार काट रहे थे। जब उसने शोर मचाया तो युवक मौके से तार लेकर भाग गए और ई रिक्शा छोड़ गए। खेत पड़ोसी मिट्ठूराम, मलकीत सिंह, सतनाम और किशन भी मौके पर आ गए। उन्होंने जब अपने खेत में लगे ट्यूबवेलों को चेक किया तो तार कटे हुए थे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ई रिक्शा को कब्जे में लिया है।