फतेहाबाद। मोटरसाइकिल छीनने के लिए अब बदमाश महिलाओं और बच्चों का भी सहारा लेने लगे हैं। ऐसा ही मामला गांव भूथन के बस स्टैंड के पास सामने आया है। बच्चे के साथ खड़ी महिला ने लिफ्ट के लिए मोटरसाइकिल रुकवाया और फिर सड़क किनारे खड़े युवक मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गए। मामले में तीन लोगों के खिलाफ छीनाझपटी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
मामले के मुताबिक पुलिस को दी शिकायत में गांव रहनखेड़ी निवासी बंटी ने बताया कि वह वीरवार को मोटरसाइकिल पर राजस्थान के गांव फिफाना से अपने गांव आ रहा था। शाम को जब वह गांव भूथन में बस स्टैंड के पास पहुंचा तो सड़क पर महिला बच्चे को लेकर खड़ी थी और उसने रुकने का इशारा किया और वह रुक गया। इस दौरान दो युवक आए और धक्का देकर मोटरसाइकिल छीन लिया और तीनों उस पर सवार होकर भूना की तरफ भाग गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।