रतिया। रतिया के सरदूलगढ़ रोड पर रविवार रात गांव रताखेड़ा के पास ट्रॉला पेड़ से टकराने के कारण चालक व ट्रॉले में सवार महिला की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया। साथ ही मृतक चालक की पत्नी के बयान पर इतेफाकिया कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार गांव हड़ोली निवासी जगजीत सिंह ट्रॉले पर चालक के तौर पर कार्यरत था। वह हांसी से कोयला लादकर जालंधर लेकर जा रहा था। रास्ते में वह अपने गांव आ गया और खाना खाने के बाद रतिया के लिए रवाना हो गया। बताया गया है कि जल्लोपुर बस स्टैंड पर एक महिला फूलाबाई ने रतिया आने के लिए लिफ्ट ली। जैसे ही वे गांव रत्ताखेड़ा के पास पहुंचे तो अचानक ट्रॉले का संतुलन बिगड़ गया और वह पेड़ से टकरा गया। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रतिया के नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक ट्रॉला चालक जगजीत की पत्नी कुलविंदर कौर के बयान पर इतेफाकिया कार्रवाई की है।
इसी गांव के दो युवकों की बाइकों में हुई थी भिड़ंत
रविवार रात को ही गांव हड़ोली में दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई थी। पुलिस ने घायल जज सिंह के पिता मंगा सिंह के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। दरअसल, गांव के हुकमावाली रोड पर बाइक की आमने-सामने की टक्कर में गांव हड़ोली निवासी रेशम उर्फ गुरदित्त व गगनदीप सिंह की मौत हो गई थी जबकि जज सिंह घायल हो गया था। सोमवार को पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाया।