टोहाना। शहर के हिसार-रतिया बाईपास रोड पर स्थित खेत में बने कमरे से चोरी का प्रयास करने का मामला सामने आया है। खेत मालिक के आने के बाद आरोपी अपने मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गए। इसके आधार पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव डागरा निवासी रोहतास ने बताया कि फतेहाबाद बाइपास रोड पर उसके खेत हैं और पिछले कुछ समय से उसके खेत व खेत में बने कमरे से लगातार चोरियां हो रहीं थी। इसके कारण उसने अपने खेत में पहरा देना शुरू कर दिया था। उसने बताया कि 20 जनवरी को जब वह अपने साले के लड़के रोहित के साथ खेत में पहरा दे रहा था तो रात्रि के समय करीबन 9 बजे एक मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति चोरी के इरादे से खेत में बने कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे। जब उन्हें इस बारे पता चला तो वे खेत में पहुंचे और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मारपीट करके भागने में सफल हो गए। उसने बताया कि आरोपी अपना मोटरसाइकिल वहां छोड़ गए। इसके कागजात की जांच करने पर पाया कि यह बाइक माधुवाला निवासी देवीलाल के नाम पर है तो सूचना डायल 112 को दी गई। वहीं दूसरे आरोपी की पहचान गिला वाली ढाणी निवासी सोनी के तौर पर हुई है।