भूना। ढाणी गोपाल, ढाणी भोजराज और भूना क्षेत्र में चोर चार किसानों के नलकूपों से केबल चोरी कर ले गए। पीड़ित किसानों ने भूना पुलिस थाने में शिकायत देकर चोरों की गिरफ्तारी कर केबल बरामदगी की मांग की है।
गांव ढाणी गोपाल निवासी दारा सिंह, दिनेश कुमार, ढाणी भोजराज के सरजीत सिंह और भूना निवासी सुरजीत कौर ने थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी।
किसान दारा सिंह ने बताया कि उनका खेत ढाणी गोपाल में नहर के पास स्थित है। 32 एकड़ जमीन में पानी लगाने के लिए दो सिंचाई नलकूप लगे हैं। चोरों ने 21 जनवरी की रात इनके बिजली कनेक्शन से करीब 200 फीट लंबा तार चोरी कर लिया। कमरे का ताला तोड़कर उन्होंने 15 फीट लंबा लोहे का पाइप भी चुराया। ढाणी गोपाल के ही दिनेश कुमार ने बताया कि उनके खेत पर लगे नलकूप की मोटर से 90 फीट लंबा तार चोरी हो गया। ढाणी भोजराज के ही सरजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार को उनके नलकूप से मोटर तक 100 फीट लंबी केबल चोरी हो गई।
भूना निवासी सुरजीत कौर ने बताया कि गांव ढाणी गोपाल में नहर के पास स्थित उनके खेत के नलकूप से भी 90 फीट लंबा तार चोरी हो गया। वहां बने कमरे का ताला तोड़कर वहां रखा फिक्सबाल और लोहे का सामान चोरी कर लिया। इन घटनाओं से लोग डरे हुए हैं। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने कहा कि इन शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।