फतेहाबाद में बीज विक्रेताओं की बंद पड़ी दुकानों पर कार्रवाई करती कृषि विभाग की टीमस्त्रोत सूच
फतेहाबाद। कृषि विभाग की टीम ने जिले की विभिन्न मंडियों में खाद, कीटनाशक व बीज विक्रेता फर्मों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी फर्मों के रिकॉर्ड की जांच की गई तथा पीओएस मशीन व फर्म में उपलब्ध खाद का मिलान किया गया।
निरीक्षण के दौरान मौके पर दो फर्म किसान एग्रीकल्चर स्टोर व गुकु कृपा पेस्टीसाइड के मालिक अपनी दुकानें बंद करके चले गए। जिस कारण उक्त दुकानें सील कर दी गई है। जिन पर अब नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता जांच के लिए खाद व कीटनाशक के नमूने लिए गए व सभी खाद विक्रेताओं को निर्देश दिए गए कि वे पीओएस मशीन के माध्यम से ही नियमानुसार खाद का वितरण करें।
निरीक्षण कार्य कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा के संयुक्त निदेशक (कपास) डॉ. राम प्रताप सिहाग की अध्यक्षता में उप कृषि निदेशक डॉ. राजेश सिहाग, गुण नियंत्रण निरीक्षण व उप मंडल कृषि अधिकारी की संयुक्त निर्देशन में किया गया। डॉ. राजेश सिहाग ने बताया कि जिले में खरीफ फसलों की बिजाई की कार्य चल रहा है। ऐसे में किसानों को खाद की आवश्यकता होती है।
जिले में अब तक 9075 एमटी डीएपी, 68436 एमटी यूरिया, 2404 एमटी एमओपी, 4138 एमटी एनकेपी व 8126 एमटी एसएसपी खाद प्राप्त हो चुकी है। किसानों को उनकी मांग अनुसार खाद उपलब्ध करवाई जा रही है। जिले में खाद की कोई कमी नहीं हैं।
किसानों को जागरूक किया जा रहा है कि वे डीएपी खाद के विकल्प के तौर पर एनपीके व टीएसपी/एसएसपी का प्रयोग भी कर सकते हैं। जिला में पिछली साल खरीफ 2024 की तुलना में इस साल खरीफ फसलों की अभी तक लगभग 95 प्रतिशत क्षेत्र में बिजाई का कार्य पूर्ण हो चुका है।