भूना में हरियाणा को जानो–हरियाणा को पहचानो प्रतियोगिता में विजेता बच्चों का सम्मान करते हुए अति
भूना। मानव वेलफेयर सेवा सोसाइटी भूना द्वारा आयोजित हरियाणा को जानो हरियाणा को पहचानो प्रतियोगिता में क्षेत्र भर के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में लगभग 500 बच्चों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से संस्था द्वारा टॉप 100 प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह का आयोजन मंगलवार को किया गया। संस्था द्वारा 100 चयनित बच्चों को पुरस्कार और सम्मान पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रथम पुरस्कार वंदना निवासी गोरखपुर ने जीता। वंदना को पुरस्कार स्वरूप साइकिल भेंट की गई। दूसरा स्थान प्रीति गोरखपुर ने हासिल किया, जबकि तीसरा स्थान लक्ष्य कुम्हारिया ने प्राप्त किया। तीनों बच्चों को विशेष सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चौधरी सुखविंदर बैंस ने की, जबकि संचालन कोमल चौधरी और महासचिव संदीप सदीवाल ने किया। समारोह में संस्था के कई पदाधिकारी, सदस्य और अध्यापकगण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर पहुंचे विशिष्ट अतिथियों ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं उन्हें राज्य के इतिहास, संस्कृति और धरोहर के बारे में जागरूक करती हैं। समारोह में उपस्थित अतिथियों में गोरखपुर के सरपंच एवं भाजपा मंडल भूना के अध्यक्ष मनदीप योगी, अशोक सिंगला, दहमान सरपंच मदन लाल यादव, मोचीवाली सरपंच प्रतिनिधि दीपक कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।