रतिया। रतिया-फतेहाबाद रोड स्टेट हाईवे पर शुक्रवार को एक ट्राला व कार की भीषण टक्कर हो गई। इस टक्कर में गांव मिराना निवासी 30 वर्षीय धर्मपाल की मौत हो गई, धर्मपाल परिवार का इकलौता चिराग था। धर्मपाल की कुछ समय पहले ही शादी हुई थी और उसकी पत्नी स्टडी वीजा पर कनाडा गई हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल लेकर आई। पुलिस ने मृतक के पिता हरभजन की शिकायत पर ट्रॉला चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गांव मिराना निवासी 30 वर्षीय धर्मपाल रतिया में निजी राइस मिल संचालक के पास चालक के तौर पर कार्य करता था। उसकी शादी कुछ समय पहले ही पानीपत निवासी एक युवती के साथ हुई थी। शादी के बाद युवती स्टडी वीजा के तौर पर कनाडा चली गई थी। बताया गया है कि धर्मपाल अपनी निजी कार में सवार होकर फतेहाबाद रोड की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह हमजापुर गांव के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रॉला चालक ने उसकी कार को टक्कर मार दी, जिससे वह कार में ही फंस कर रह गया। हादसा हुआ देखकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने कार को काटकर धर्मपाल का बाहर निकाला और उसे रतिया के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद धर्मपाल को मृत घोषित कर दिया।
पत्नी के कनाडा से आने के बाद होगा अंतिम संस्कार
ग्रामीणों के अनुसार धर्मपाल अपने मां-बाप का अकेला बेटा था। इस घटना से परिवार ही नहीं गांव में भी मातम छा गया। परिजनों का कहना है कि धर्मपाल की पत्नी के कनाडा से आने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
रतिया में ट्रॉले से टक्कर में क्षतिग्रस्त कार।- फोटो : Fatehabad