फतेहाबाद। महिला थाना में एसपीओ के पद पर तैनात कर्मचारी को उसके पति द्वारा लात-घूंसों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। गांव करनौली निवासी महिला आशा रानी ने इस संबंध में सदर थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने मामले में आरोपी पति जगसीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मामले के मुताबिक पुलिस को दी शिकायत में गांव करनौली निवासी आशा रानी ने बताया कि उसकी शादी को 15 साल हो चुके हैं। वह एसपीओ महिला थाना सेफ हाउस में कार्यरत है। आरोप है कि उसका पति जगसीर सिंह रोजाना ड्यूटी पर आने व जाने के दौरान लड़ाई-झगड़ा करता है। 25 मार्च की सुबह जब वह ड्यूटी पर जा रही थी तो पति ने झगड़ा कर लिया और लात-घूंसों के साथ पिटाई की। जिससे उसके दाहिने कान में चोट लगी है। जिसके बाद उसने डायल 112 पर कॉल की। आरोप है कि पति ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। फिलहाल सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वर्जन
पति और पत्नी का विवाद है। मामले में शिकायत आने के मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
- अजायब सिंह, कार्यकारी सदर थाना प्रभारी