फतेहाबाद। केंद्र की तरफ से सरकारी अस्पतालों में मरीजों को दी जाने वाली व्यवस्थाओं को जांचने के लिए सोमवार को एनएचएम की टीम ने आना था। लेकिन कार्यक्रम रद्द हो गया है और टीम नहीं आई।
टीम के आने की सूचना को लेकर सोमवार सुबह तक स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारी व कर्मचारी रिकॉर्ड पूरा करने में जुटे रहे। लेकिन कार्यक्रम रद्द की सूचना के बाद राहत की सांस ली। हालांकि टीम अब कब आएगी, इसको लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
वर्ष 2021 में एनएचएम टीम ने निरीक्षण किया था और इसके बाद अब होना है। एनएचएम की टीम ने मुख्य तौर पर टीकाकरण, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान की स्थिति, जच्चा-बच्चा मृत्यु दर, एएनसी रजिस्ट्रेशन, एंबुलेंस सुविधा, डिलीवरी कक्ष की स्थिति, डॉक्टर व स्टाफ की स्थिति आदि की जांच करनी है।
- बारिश के चलते शिविर में जांच के लिए गर्भवती की संख्या रही कम
नागरिक अस्पताल में सोमवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत शिविर लगाया गया। शिविर में गर्भवती का रजिस्ट्रेशन किया गया और उनके स्वास्थ्य की जांच की गई। इसके अलावा यूरिन और ब्लड सैंपल भी लिए गए। सोमवार को बूंदाबांदी के चलते शिविर में गर्भवती की संख्या कम रही। विभाग की तरफ से हर माह की 9, 10 और 23 तारीख को शिविर लगाया जाता है। इसमें हाई रिस्क प्रेगनेंसी की पहचान की जाती है।
- एनएचएम की टीम ने निरीक्षण के लिए आना था। लेकिन किन्हीं कारणों से फिलहाल टीम नहीं आई है। विभाग की तरफ से समय-समय पर निरीक्षण किया जाता है।
- डॉ. बुधराम, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, नागरिक अस्पताल, फतेहाबाद।