भूना। गांव ढाणी गोपाल की एएनएम का कोर्स करने गई एक युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। मगर डेढ़ महीने से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद भी पुलिस युवती का कोई सुराग नही लगा पाई है। जिसको लेकर लापता युवती पुलिस के लिए सिरदर्द बनी हुई है। पुलिस ने मोबाइल फोन की लोकेशन व अन्य पहलुओं को लेकर पिछले लंबे समय से लापता युवती की तलाश के लिए भरसक प्रयास किए है। परंतु पुलिस को कहीं भी कामयाबी नहीं मिली है।
पुलिस ने कई थानों में युवती के फोटो सहित पोस्टर भी लगाए और थानाध्यक्ष का मोबाइल नंबर 8814011710 पर सूचना के लिए सार्वजनिक किया हुआ है। महिला पुलिस जांच अधिकारी सुनीता देवी ने बताया कि 6 दिसंबर की सुबह 26 वर्षीय युवती अपने घर से कलायत के एक नर्सिंग स्कूल में गई थी। जहां वह एएनएम का कोर्स कर रही थी। परंतु शाम को छुट्टी होने के बाद देर रात तक घर नहीं पहुंची। इसलिए परिवार के सदस्यों ने रिश्तेदारियों व अन्य परिचित लोगों के ठिकानों पर पहुंचकर पूछताछ की तो दीक्षा रानी का कहीं भी सुराग नही लगा। इसलिए 7 दिसंबर 2023 को युवती के भाई ने थाना भूना में पुलिस में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। परंतु लंबे समय की अवधि में पुलिस को युवती को ढूंढने में कामयाबी नही मिली है। इस संबंध में थानाध्यक्ष रामपाल लोहचब ने बताया कि युवती की तलाश को लेकर पुलिस ने कई पहलुओं पर जांच की है। मगर फिलहाल उसका कहीं भी सुराग नही लग पाया है।