फतेहाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से वार्षिक परीक्षाएं अगले माह के आखिरी सप्ताह में शुरू हो जाएंगी। परीक्षाओं को समय कम रह गया है लेकिन अभी तक शिक्षा विभाग ने प्री बोर्ड परीक्षाओं को लेकर तैयारी शुरू नहीं की है।
स्थिति यह है कि परीक्षा का शेड्यूल भी जारी नहीं किया गया है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि सर्दियों की छुट्टियां खत्म होने के बाद शेड्यूल जारी हो सकता है। शिक्षा विभाग पिछले साल प्री बोर्ड परीक्षाएं ली थी तो विद्यार्थियों की स्थिति सामने आई है। जिसमें पता चल पाया था कि किस विषय में विद्यार्थी कमजोर रहे थे। पिछले साल विभाग द्वारा दो बार प्री बोर्ड परीक्षाएं ली गई थी।
- सीबीएसई स्कूल अपने स्तर पर ले रहे परीक्षाएं
सीबीएसई से मान्यता प्राप्त स्कूलों ने अपने स्तर पर प्री बोर्ड परीक्षाएं लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 16 जनवरी से स्कूल अपने स्तर पर परीक्षाएं ले रहे हैं। डीएवी से संबंधित स्कूलों ने डेट शीट भी जारी कर दी है।
-पिछले साल प्री बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम
प्री बोर्ड का बारहवीं कक्षा का ये रहा है परिणाम
रेंज प्रतिशत छात्र प्रतिशत
90 फीसदी से ज्यादा अंक 4.93
80 फीसदी से ज्यादा अंक 15.5
60 फीसदी से ज्यादा अंक 43
40 फीसदी से ज्यादा अंक 75.66
35 फीसदी से ज्यादा अंक 83.77
35 फीसदी से कम अंक 16.23
20 फीसदी से कम अंक 3.97
प्री बोर्ड का दसवीं कक्षा का ये रहा है परिणाम
रेंज प्रतिशत छात्र प्रतिशत
90 फीसदी से ज्यादा अंक 2.19
80 फीसदी से ज्यादा अंक 7.12
60 फीसदी से ज्यादा अंक 22.93
40 फीसदी से ज्यादा अंक 55.04
35 फीसदी से ज्यादा अंक 65.2
35 फीसदी से कम अंक 34.81
20 फीसदी से कम अंक 10.4
- जिले के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या
कक्षा विद्यार्थी
कक्षा दसवीं 8363
बारहवीं 5596
-सेट परीक्षाएं स्कूलों ने ली हैं अपने स्तर पर
छात्र मूल्यांकन परीक्षाओं को लेकर पिछले दिनों शिक्षा विभाग ने तीन बार फेरबदल किए हैं। इसके बाद स्कूलों को अपने स्तर पर ही परीक्षाएं लेने के निर्देश दिए थे। इसके बाद स्कूलों ने अपने स्तर पर परीक्षाएं लेकर परिणाम एमआईएस पोर्टल पर अपलोड किया है।
-प्री बोर्ड परीक्षाओं को लेकर अभी तक निदेशालय की तरफ से निर्देश नहीं आए है। हालांकि स्कूल मुखियाओं को सख्त निर्देश दिए गए है कि विद्यार्थियों को तैयारी करवाएं। हालांकि पिछले दिनों छात्र मूल्यांकन परीक्षाएं हो चुकी है। इसके आधार पर भी समीक्षा की जा रही है।
- संगीता बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी, फतेहाबाद।