रतिया। शराब के नशे में घग्गर में कूदे युवक का शव वीरवार को छह दिन बाद रतिया के ही गांव मिराना के पास घग्गर की झाड़ियों में मिला है। युवक के भाई ने उसकी शिनाख्त की है। युवक की तलाश में एनडीआरएफ की टीमें भी लगा दी गई थीं और पंजाब इलाके तक युवक की तलाश की गई। मगर शव नहीं मिला था। आखिरकार अब रतिया क्षेत्र में ही शव बरामद हुआ। शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार 21 जुलाई को कंवलगढ़ निवासी 22 वर्षीय प्रदीप ने घग्गर में रतिया के पास छलांग लगा दी थी। प्रदीप के भाई मानक सिंह ने बताया था कि वह काम करने के लिए रतिया फैक्टरी में आ गया था। पीछे से उसका भाई भी यहां रतिया आया और उसने शराब पी ली। उसने उसे शराब पीने से टोका तो वह माना नहीं और बाइक लेकर निकल गया। वह भी अपने काम लग गया। मानक सिंह ने बताया कि कुछ देर बाद उसके पास उसके भाई का फोन आया कि बाइक पंक्चर हो गई है। बाद में उसे किसी और से सूचना मिली कि उसके भाई ने घग्गर में छलांग लगा दी है। इसके बाद एनडीआरएफ टीमें तलाश कर रही थीं। रतिया के गांव मिराना के पास गुजर रही घग्गर के किनारे लगी झाड़ियों में शव फंसा मिला। इसके बाद पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और फिर कंवलगढ़ निवासी मानक सिंह ने शव की शिनाख्त अपने भाई प्रदीप के रूप में की।