जाखल। सिरसा जिले के डबवाली क्षेत्र से धान की पनीरी लेकर आ रहे मजदूरों की जीप-ट्राली बुधवार की देर रात को जाखल में खंभे से टकराने के बाद अहाते में घुस गई। इस हादसे में जिला लखीमपुर खीरी निवासी एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि खेत मालिक व 10 अन्य मजदूर घायल हो गए। घायलों में से पांच को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
जाखल निवासी किसान सतगुरु सिंह के खेत में बाढ़ का पानी भरने से धान की फसल खराब हो गई थी। वह बुधवार को डबवाली के गांव मौजगढ़ से धान की पनीरी लाने के लिए 11 मजदूरों को साथ लेकर जीप-ट्राली में गया था। रात को वापस आते समय चंडीगढ़ रोड पर स्थित बस स्टैंड के पास जीप के आगे एक कार चल रही थी। चालक ने कार को क्रॉस करने के लिए जीप को आगे बढ़ाया। जीप अनियंत्रित हो गई। पहले जीप कार से टकराई, उसके बाद बिजली के खंभे से टकराकर शराब ठेके के अहाते में जा घुसी और ट्राली पलट गई। जीप की ट्राली में पीछे बैठे प्रवासी मजदूर उछलकर खंभे में जा लगे। धान की पनीरी भी सड़क पर बिखर गई।
इस हादसे में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी क्षेत्र निवासी 26 वर्षीय मजदूर रोशनलाल की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य मजदूर व खेत मालिक सतगुरु सिंह घायल हो गए। सभी घायलों को जाखल के सीएचसी केंद्र में लाया गया। पांच मजदूरों को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया ,जबकि बाकी पांच का सीएचसी में ही उपचार चल रहा है। एक घायल की स्थिति सामान्य है। घायलों में लखीमपुर खीरी जिला निवासी रणजीत, सुंदर लाल, प्रदीप, रजनीश, राजेश, गोबिंद, यशपाल, रमाकांत, अरुण, सर्वेश शामिल हैं। घायल चालक जाखल निवासी है। जाखल थाना प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर पोस्टमार्टम कराने के बाद कार्रवाई की जाएगी।