भूना। ढाणी गोपाल गांव के पास भाखड़ा नहर में मंगलवार को डूबे 18 वर्षीय अंकित का शव बुधवार देर रात गोरखपुर के डूम्मा पुल पर लोहे के जाल में फंसा मिला। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेंद्रा मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
वीरवार को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। अंकित ढाणी सांचला का रहने वाला था। वह धांगड़ में पॉलिटेक्निक का छात्र था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने दो दोस्तों के साथ ढाणी गोपाल के पास नहर में नहाने गया था। नहर में छलांग लगाते ही उसका सिर लोहे की चैनल से टकरा गया। तेज बहाव में बह गया और बाहर नहीं निकल सका।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जींद और भूना से गोताखोर बुलाए गए। करीब 40 घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद शव बरामद हुआ। पुलिस ने मृतक के पिता सुभाष चंद्र के बयान पर इतफाकिया कार्रवाई की है।
थाना प्रभारी सुरेंद्रा ने बताया कि प्रशासन पहले ही नहर में नहाने पर रोक की चेतावनी जारी कर चुका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस चेतावनी को गंभीरता से लें और बच्चों को नहर जैसी खतरनाक जगहों पर जाने से रोकें।