नागरिक अस्पताल में ओपीडी पर्ची के लिए कतार में लगे मरीज।
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में सोमवार को मरीजों को पर्ची कटवाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। दोपहर साढ़े 12 बजे तक ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर पर मरीजों की लंबी लाइन लगी रही जबकि महिला मरीज जमीन पर बैठ कर बारी का इंतजार कर रही थीं। वेटिंग कक्षों के बाहर पंखों की व्यवस्था नहीं की गई है।
अस्पताल में करीब दो माह से ई-उपचार सर्वर बंद है जिसके कारण सभी पर्चियां मैन्युअल रूप से बनाई जा रही हैं। मरीजों को ओपीडी रजिस्ट्रेशन के लिए लगभग 30 से 40 मिनट तक इंतजार करना पड़ा। काउंटर पर केवल दो कर्मचारी तैनात हैं और एक पर्ची बनाने में 2-3 मिनट का समय लगता है। मरीजों का रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज किया जाता है। गर्म मौसम में काउंटर और डिस्पेंसरी के बाहर पंखों की भी कोई व्यवस्था नहीं थी। अस्पताल में रोजाना लगभग 1200 से 1500 मरीज ओपीडी में आते हैं जिससे व्यवस्थाओं पर दबाव बना रहता है।
वेटिंग कक्षों के बाहर व्यवस्था नहीं गर्मी शुरू हो चुकी है लेकिन वेटिंग कक्षों के बाहर पंखों की व्यवस्था नहीं की गई है। हालांकि बैठने की व्यवस्था जरूर की गई है। चर्म रोग विशेषज्ञ कक्ष के बाहर गर्मी में मरीजों को इंतजार करना पड़ रहा है। यहां पर रोजाना 150 से 175 मरीजों की ओपीडी होती है। नागरिक अस्पताल की ओटी दो माह से बंद है। सामान्य ऑपरेशन के अलावा सिजेरियन डिलिवरी केसों को भी रेफर किया जा रहा है। रोजाना चार से पांच सिजेरियन डिलिवरी केस अग्रोहा रेफर हो रहे हैं।