दुकान के सीसीटीवी में कैद आरोपी।
फतेहाबाद। शहर के लालबत्ती चौक के पास स्थित ट्रैंड मोबाइल दुकान में रविवार रात एक युवक ने घुसकर मोबाइल और नकदी चोरी कर ली। घटना पूरी तरह सीसीटीवी में कैद हो गई। इसमें आरोपी चोरी के बाद कान पकड़कर और हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आ रहा है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
दुकानदार रोहित जांगड़ा और प्रदीप कुमार शक जताया है कि दिन में रैकी करके वारदात को अंजाम दिया गया है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में नजर आ रहा है कि एक युवक रात 11:53 बजे टी-शर्ट पहनकर दुकान में घुसता है। पहले वह मोबाइल की लाइट जलाकर काउंटर और अलमारियों की तलाशी लेता है। इसके बाद गल्ले से नकदी निकालकर काले बैग में रखता है।
करीब 7 मिनट तक अंदर रहने के बाद चोर सीसीटीवी कैमरे की ओर देखकर हाथ जोड़ता और कान पकड़कर माफी मांगता, फिर हाथ से सेल्यूट करके बाहर चला जाता है। आरोपी दो मोबाइल और करीब 18 हजार रुपये ले गया। पुलिस ने शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दुकानदारों ने पुलिस के रात्रि गश्त पर सवाल उठा हैं।
घर से दिनदहाड़े सोने के गहने-नकदी चोरी
फतेहाबाद। डीएसपी रोड स्थित एक घर में सोमवार सुबह अज्ञात चोर ने सेंध लगाकर 7 तोले सोने के जेवर और हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर मुआयना कर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। डीएसपी रोड पर गली नंबर 5 निवासी गुलशन मेहता ने बताया कि उनका भाई विनोद उर्फ विक्की मेहता चंडीगढ़ में रहता है। उनकी मां आशा रानी दो दिन पहले विनोद से मिलने चंडीगढ़ गई हुई थीं। सोमवार सुबह करीब 10 बजे घर का किरायेदार भी अपने काम के सिलसिले में घर से बाहर गया था। इसी दौरान चोर ने घर के साथ वाली गली में लगे खिलाड़ी का शीशा तोड़कर घर में प्रवेश किया। चोर ने बेडरूम में रखी लगभग 30-35 हजार रुपये की नकदी और करीब 7 तोले सोने के जेवर चोरी कर लिए। कुछ समय बाद किरायेदार के लौटने पर चोरी का पता चला। संवाद