प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 51 सड़कों के सुधारीकरण को हरी झंडी मिल गई है। सांसद सुनीता दुग्गल के माध्यम से 74 करोड़ 79 लाख रुपये के एस्टिमेट बनाकर केंद्र सरकार को भेजे गए थे। अब केंद्र सरकार ने इन एस्टिमेट को मंजूरी दे दी है। अप्रैल में इन सड़कों के टेंडर जारी होंगे। इसके बाद सड़क निर्माण शुरू करवाया जाएगा। इन सड़कों के पुनर्निर्माण के बाद ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ा फायदा मिलेगा।
गौरतलब है कि सांसद सुनीता दुग्गल ने केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-फेज 3 और हरियाणा सरकार बैच 2 के अंतर्गत सिरसा संसदीय क्षेत्र की कुल 23 डीपीआर को मंजूरी के लिए भेजा था। इनमें फतेहाबाद जिले की 14 डीपीआर शामिल थी। इस डीपीआर में शामिल फतेहाबाद की 51 सड़कों की कुल लंबाई 188.226 किलोमीटर है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिन सड़कों का काम होता है, उनमें 60 प्रतिशत बजट केंद्र सरकार देती है जबकि 40 प्रतिशत बजट प्रदेश सरकार देती है। इस योजना के तहत फतेहाबाद खंड की 49 किलोमीटर की 12 सड़कों पर 20 करोड़ 94 लाख 7 हजार रुपये, भूना खंड की 53.07 किलोमीटर की 8 सड़कों पर 20 करोड़ 62 लाख 91 हजार रुपये, भट्टू खंड की 17.72 किलोमीटर की 5 सड़कों पर 8 करोड़ 37 लाख 7 हजार रुपये, रतिया खंड की 34.72 किलोमीटर की 16 सड़कों पर 14 करोड़ 59 लाख 39 हजार रुपये, टोहाना खंड की 20.99 किलोमीटर की छह सड़कों के लिए 6 करोड़ 79 लाख 9 हजार रुपये व जाखल खंड की 11.64 किलोमीटर की 4 सड़कों पर 3 करोड़ 47 लाख 14 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
नाबार्ड स्कीम के तहत भी इन सड़कों का काम हुआ शुरू
इसके अतिरिक्त नाबार्ड स्कीम के तहत जिले की 5 सड़कों का कार्य भी शुरू करवा दिया गया है। भोडिया खेड़ा से बनगांव की 5.22 किलोमीटर सड़क का 3 करोड़ 4 लाख 30 हजार रुपये, खाबड़ा कलां से शेखपुर दड़ौली सड़क का 3 करोड़ 53 लाख 55 हजार रुपये, बनगांव से ढिंगसरा सड़क का 2 करोड़ 73 लाख 28 हजार रुपये, भोडियाखेड़ा से खैराती खेड़ा सड़क का 2 करोड़ 88 लाख 62 हजार रुपये तथा ढिंगसरा से किरढान सड़क का 3 करोड़ 34 लाख 40 हजार रुपये से सुधार होगा।
कोट
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 51 सड़कों के सुधारीकरण के लिए 74 करोड़ 79 लाख रुपये के एस्टिमेट केंद्र सरकार को भेजे गए थे। अब केंद्र सरकार ने इन एस्टिमेट को मंजूरी दे दी है। ग्रामीण एरिया की सड़कों की कायाकल्प होगी।
सुनीता दुग्गल, सांसद, लोकसभा।
कोट
जिले की 51 सड़कों के सुधारीकरण की मंजूरी मिल गई है। इनके अप्रैल में टेंडर लगाए जाएंगे। इसके बाद वर्क ऑर्डर जारी कर काम शुरू करवा दिया जाएगा।
- केके गोयत, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी बीऐंडआर विभाग।