फतेहाबाद में परीक्षा को लेकर हुई बैठक में मौजूद केंद्र अधीक्षक
फतेहाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से कक्षा दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं वीरवार से शुरू होने जा रही हैं। परीक्षाओं को लेकर जिले में 64 केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड की तरफ से परीक्षाओं में निगरानी के लिए एक साल बाद फिर से पांच अलग-अलग टीमों को शामिल किया है। इसमें एसडीएम फतेहाबाद, जिला शिक्षा अधिकारी और सब डिविजन स्तर पर तीन प्रश्न पत्र उड़नदस्तों को शामिल किया गया है।
इन टीमों में संबंधित अधिकारी के अलावा तीन-तीन सदस्य भी होंगे। अधिकारी केंद्रों पर जाकर चेकिंग करेंगे। बोर्ड की तरफ से पहले परीक्षा के दौरान 9 से 10 टीमों का गठन किया जाता था। ये टीमें केंद्रों पर जाकर निरीक्षण करती थीं, लेकिन बोर्ड ने पिछले साल परीक्षा के दौरान जिला स्तर से किसी टीम को शामिल नहीं किया था।
जिले में ये बनाए गए हैं केंद्र :
डिविजन केंद्र
फतेहाबाद 30
रतिया 10
टोहाना 24
साढ़े 12 बजे शुरू होगी परीक्षा :
बोर्ड की तरफ से वीरवार को कक्षा बारहवीं की अंग्रेजी विषय की परीक्षा ली जाएगी। ये परीक्षा दोपहर साढ़े 12 बजे शुरू होगी। हालांकि, परीक्षार्थियों को केंद्रों पर एक घंटा पहले पहुंचना होगा। जिले में कक्षा बारहवीं की 9257 और दसवीं की 12892 विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
-
बोर्ड परीक्षाओं को लेकर पूरी तैयारी है। केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए जा चुके हैं। जिले के 64 केंद्रों पर परीक्षा होनी है।
- संगीता बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी