फतेहाबाद। सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगने के बाद कार्रवाई के डर से फतेहाबाद में कई होलसेलर दुकानें बंद कर गायब है। शनिवार को पुरानी सब्जी मंडी में होलसेलर की दुकानें बंद रहीं। कार्रवाई के डर से दुकानदारों ने दुकानें नहीं खोलीं। नगर परिषद ने शनिवार को शहर में अभियान चलाकर 6 दुकानदारों के चेतावनी चालान काटे। हालांकि किसी को जुर्माना नहीं किया गया है।
बता दें कि शनिवार को नगर परिषद एसआई ओंकार सिंह, एबीएम रोहताश व सफाई दरोगा पुलिस कर्मचारियों के साथ पुरानी सब्जीमंडी में पहुंचे। यहां पर होलसेलर की दुकानें बंद मिलीं। इसके बाद टीम ने थाना रोड, पुरानी सब्जीमंडी में दुकानों और मल्टीपर्पज पार्किंग के बाहर स्टॉल संचालकों के चालान काटे। टीम ने यहां से पांच किलो पॉलीथिन भी बरामद किया।
प्रतिबंधित पॉलीथिन की मात्रा जुर्माना
100 ग्राम 500 रुपये
101 ग्राम से 500 ग्राम तक 1500 रुपये
501 ग्राम से 1 किलोग्राम 3000 रुपये
एक से पांच किलोग्राम 10000 रुपये
पांच से दस किलोग्राम तक 20000 रुपये
दस किलोग्राम से अधिक 25000 रुपये
इन पर लगा है प्रतिबंध
ईयरबड प्लास्टिक स्टिक के साथ
प्लास्टिक स्टिक के साथ गुब्बारे
प्लास्टिक के झंडे
कैंडी स्टिक
आइसक्रीम स्टिक
सजावटी थरमाकोल
प्लास्टिक प्लेट
प्लास्टिक कप और गिलास
प्लास्टिक चम्मच
प्लास्टिक ट्रे
मिठाई के डिब्बों का प्लास्टिक
प्लास्टिक बैनर
कोट
सिंगल यूज प्लास्टिक को लेकर शहर में अभियान चलाया गया। इस दौरान 6 दुकानदारों के चेतावनी चालान काटे है। सोमवार से बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा और सिंगल यूज प्लास्टिक मिलने पर जुर्माना किया जाएगा।
-ओंकार सिंह, एसआई, नगर परिषद