हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ फतेहाबाद ने पटवार भवन में छात्र, शिक्षक और विद्यालय सम्मान समारोह का आयोजन किया। समारोह में मुख्यातिथि के तौर पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कृष्णा सिहाग ने भाग लिया। विशिष्ट अतिथि उपजिला शिक्षा अधिकारी दयानंद सिहाग, खंड शिक्षा अधिकारी कुलदीप सिहाग और बलबीर सिंह थे। समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी सिहाग ने कहा कि शिक्षा समाज का अहम हिस्सा है। अध्यापक समाज का आइना है, जो पूरे समाज को शिक्षित करने का कार्य करते हैं। मुख्य वक्ता अध्यापक नेता सीएन भारती ने कहा कि प्रदेश के विद्यालयों में अध्यापकों के हजारों पद खाली होते हुए भी अपने विषय में बेहतर और शत प्रतिशत परिणाम लेकर बच्चों का भविष्य संवारा है।
समारोह में खंड स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले विद्यालयों को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनगांव, द्वितीय राजकीय कन्या व. मा. विद्यालय एमपी रोही और तृतीय स्थान राजकीय व.मा. विद्यालय एमपी रोही ने प्राप्त किया।
राजकीय उच्च विद्यालय में भूथनकलां प्रथम, अहलीसदर द्वितीय तथा खैरातीखेड़ा तृतीय रहा। विद्यालय में 12वीं कक्षा में पूनम और मनप्रीत कौर दोनों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुस्कान, किरण बड़ोपल ने द्वितीय स्थान पाया। वहीं 10वीं की परीक्षा में निशा प्रथम, रजनी ने द्वितीय तथा गगनदीप कौर ने तृतीय स्थान हासिल किया।
जेबीटी के सात अध्यापकों ने नवोदय विद्यालय में छात्रों को दाखिला देने में अहम योगदान देने पर उन्हें सम्मानित किया गया। संघ के जिला प्रधान रघुनाथ मेहता ने कहा कि खंड के 150 अध्यापकों का परिणाम शत प्रतिशत रहा। इस अवसर पर राज्य कमेटी सदस्य राजपाल मित्ताथल, नौरंग यादव, रामनिवास, राजेश गोठड़ा, मोहन ढिल्लो, सुशील सूरा, सुभाष चंद्र, जवाहर लाल, अनूप झंडई, बलवान सहित जिलेभर से सैकड़ों अध्यापकों ने भाग लिया।