गांव ढाणी गोपाल स्कूल के प्रथम श्रेणी प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ स्टाफ सदस्य।
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। शिक्षा विभाग ने सुपर 100 बैच 2021-23 के लिए ली गई परीक्षा का परिणाम मंगलवार को नौ दिन के अंदर जारी कर दिया है। जिले के 80 विद्यार्थियों ने लेवल एक की परीक्षा पास की है। प्रदेश में 1221 बच्चे पास हुए है, जिसमें जिले के 80 विद्यार्थी है। परीक्षा के लिए जिले से 232 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। इसमें से 186 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। परीक्षा जिला मुख्यालय पर 9 अगस्त को मॉडल संस्कृति स्कूल में आयोजित हुई थी।
अब लेवल एक परीक्षा में पास हुए विद्यार्थियों को रेवाड़ी की विकल्प फाउंडेशन ऑनलाइन कक्षा के द्वारा पढ़ाएगा। इसके बाद विद्यार्थियों की लेवल दो की परीक्षा ली जाएगी। इस परीक्षा में पास होने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग दो साल तक नीट और जेईई की कोचिंग देगा।
प्रदेश के पांच सेंटरों पर दी जाती है कोचिंग
शिक्षा विभाग लेवल एक की परीक्षा में पास होने वाले विद्यार्थियों की लेवल दो की परीक्षा लेगा। इस परीक्षा में पास होने वाले विद्यार्थियों को एसीई ट्यूटोरियल चंडीगढ़, आकाश इंस्टीट्यूट पंचकूला, विकल्प सेंटर रेवाड़ी, करनाल और हिसार में कोचिंग दी जाएगी।
जिले के तीन विद्यार्थियों का हो चुका आईआईटी में चयन
जिला शिक्षा अधिकारी दयानंद सिहाग, जिला विज्ञान विशेषज्ञ पूजा भारद्वाज ने बताया कि चार साल पहले ये योजना शुरू हुई थी। इस योजना के तहत तीन विद्यार्थियों का चयन पहले आईआईटी के लिए हो चुका है। इस योजना में सरकारी स्कूल से दसवीं पास विद्यार्थी पास हो सकते है। शर्त यह है कि दसवीं कक्षा 80 फीसद अंकों से ज्यादा के साथ पास होनी चाहिए।
सुपर 100 योजना के तहत जिले के 80 विद्यार्थियों ने लेवल एक परीक्षा पास की है। अब इन विद्यार्थियों की ऑनलाइन कक्षाएं लगेंगी। इसके बाद शिक्षा विभाग लेवल दो की परीक्षा लेगा। चयनित विद्यार्थियो को दो साल तक निशुल्क कोचिंग मिलेगी।
- रमेश कुमार, जिला गणित विशेषज्ञ