फतेहाबाद। स्ट्रीट वेंडर्स को स्थायी जगह देने और शहर को जाम से मुक्त करने के लिए सरकार ने राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत योजना बनाई थी लेकिन तीन साल बीतने के बाद भी योजना सिरे नहीं चढ़ पाई है। सरकार का प्रोजेक्ट तीन साल में सिर्फ सर्वे तक सिमट कर रह गया है। सर्वे में जिले में 1545 स्ट्रीट वेंडर्स सामने आ चुके हैं।
वजह ये ही है कि प्रशासन इसको लेकर गंभीर ही नहीं है। बैठकों से पहले कागजों में जगह फाइनल की जा रही लेकिन योजना को सिरे नहीं चढ़ाया जा रहा है। इसको लेकर अभी तक अस्टीमेट ही नहीं बना है। अस्टीमेट तैयार करके राज्य शहरी विकास प्राधिकरण से फंड मांगा जाएगा। लेकिन फंड मांगने से पहले नप अफसर औपचारिकताएं पूरी करने में ही गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। हालात ये है कि स्ट्रीट वेंडर्स खुद के स्तर पर ही रेहड़ियां लगा रहे हैं और इस वजह से शाम के समय जाम की स्थिति बन रही है।
जिले में ये है स्ट्रीट वेंडर्स की स्थिति
शहर स्ट्रीट वेंडर्स
फतेहाबाद 750
टोहाना 343
रतिया 181
जाखल 138
भूना 133
शहर में यहां लग रही है रेहड़ियां
फव्वारा चौक
हंस मार्केट
बस स्टैंड के पीछे
लाजपत नगर चौक
शिवालय मार्केट के सामने
भट्टू रोड
फतेहाबाद में इन जगहों का कई बार हो चुका चयन, सिरे नहीं चढ़ाई योजना
मॉडल टाउन में बीएसएनएल एक्सचेंज वाली सड़क
अनाजमंडी में गोशाला के पीछे
हिसार रोड स्थित सब्जी मंडी
हंस मार्केट में हुडा की जगह
बस स्टैंड के पीछे जगह
जगह के साथ सुविधाएं भी देनी होगी, तभी हो रही देरी
स्ट्रीट वेंडर्स के लिए ऐसी जगह का चयन किया जाना है जहां पर उन्हें सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें। स्थायी जगह पर इनके के लिए शेड, पीने का पानी व शौचालय की सुविधा उपलब्ध करवानी है। लेकिन नगर परिषद फतेहाबाद अभी तक फाइनल जगह पर मोहर नहीं लगा पाया है। जगह का चयन होने के बाद कंपनी अस्टीमेट बनाएगी। जिसमें ये तय होगा कि संबंधित जगह पर कितने स्ट्रीट वेंडर्स खड़े हो सकते है। इसके अलावा जगह के लिए कितने बजट की जरूरत है। अस्टीमेट तैयार होने के बाद राज्य शहरी विकास प्राधिकरण फंड जारी करेगा।
400 स्ट्रीट वेंडर्स को अभी लोन भी नहीं मिला
स्ट्रीट वेंडर्स को प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर योजना के तहत 1 लाख 80 हजार तक लोन दिया जाना है। लेकिन अभी तक 550 स्ट्रीट वेंडर्स को ही 10-10 हजार रुपये का लोन जारी किया है। इसके अलावा 50 ही ऐसे स्ट्रीट वेंडर्स हैं जिन्हें दूसरी किस्त के लिए 20-20 हजार रुपये लोन जारी हुआ है। इसके अलावा लोन की पहली किस्त के लिए 401 स्ट्रीट वेंडर्स के आवेदन अभी लटके हुए हैं।
शाम को हंस मार्केट और जवाहर चौक में लग रहा जाम
स्ट्रीट वेंडर्स को स्थायी जगह न मिल पाने की वजह से अपने स्तर पर रेहड़ियां लगाई जा रही है। शाम के समय हंस मार्केट और जवाहर चौक में जाम की स्थिति हो रही है। यहां से पैदल निकल पाना भी मुश्किल हो जाता है। इसके अलावा शिवालय मार्केट के सामने मुख्य रोड पर रेहड़ियां लग रही है, इससे दुर्घटना का अंदेशा रहता है।
कोट
स्ट्रीट वेंडर्स को स्थायी जगह और सुविधाएं देने के लिए गंभीर है। कंपनी इसको लेकर कार्रवाई कर रही है। पिछले दिनों इन्हें प्रमाण पत्र भी जारी किए गए है। जगह का चयन किया गया है लेकिन अभी फाइनल नहीं हुई है।
-ऋषिकेश चौधरी, ईओ नगर परिषद